Surguja Elephant Death: करंट की चपेट में आने से हाथी के बच्चे की मौत, अलकापुरी में हाथियों के दल से दहशत
अंबिकापुर, 1 अक्टूबर 2026। सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र के अलकापुरी जंगल में बुधवार रात करीब 10 बजे करंट की चपेट में आने से एक हाथी के बच्चे की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हाथी का बच्चा झटका तार की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और वन अमला मौके पर पहुंच गया। विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण शुरू कर दिया है और हाथी के बच्चे की मौत से जुड़े परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
27 हाथियों का दल क्षेत्र में कर रहा विचरण
बताया गया है कि पिछले कई दिनों से 27 हाथियों का दल उदयपुर क्षेत्र में विचरण कर रहा है। इससे पहले इस दल में करीब 15 हाथी बताए जा रहे थे, लेकिन अब इनकी संख्या बढ़कर 27 हो गई है।
हाथियों के दल के गांव के आसपास मौजूद होने से अलकापुरी सहित आसपास के क्षेत्र में ग्रामीणों के बीच दहशत का माहौल है। हाथियों की चिंघाड़ से लोग सतर्क हैं और वन विभाग की गतिविधियों पर भी नजर बनी हुई है।
वन विभाग की टीम घटना के बाद क्षेत्र में निगरानी कर रही है। करंट प्रवाहित झटका तार से हाथी के बच्चे की मौत के मामले में आगे की जांच के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी सामने आने की संभावना है।