Bhilai Factory Fire: हथखोज की केमिकल फैक्ट्री में भड़की भीषण आग, दमकल टीम ने संभाला मोर्चा
दुर्ग। भिलाई के हथखोज औद्योगिक क्षेत्र स्थित श्याम केमिकल फैक्ट्री में गुरुवार को अचानक भीषण आग लग गई। फैक्ट्री परिसर से उठती ऊंची लपटों और घने धुएं को देखकर आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
बताया जा रहा है कि आग इतनी तेज थी कि फैक्ट्री परिसर से काफी ऊंचाई तक धुआं और लपटें दिखाई दे रही थीं। आग की सूचना के बाद दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। घटना पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग से फैक्ट्री में कितना नुकसान हुआ है, इसकी भी अभी जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर स्थिति का जायजा लेने के साथ घटना के कारणों और नुकसान का आकलन करने में जुटी हुई है।
आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही फैक्ट्री में हुए नुकसान और घटना के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।